छत्तीसगढ़दुर्ग-भिलाई

कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और विधायक संजय गायकवाड का पुतला दहन किया

केंद्रीय मंत्री और शिवसेना विधायक के बयान के विरोध में कांग्रेस ने जलाए पुतले

राहुल गांधी के समर्थन में प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर हुआ मौन धरना

कांग्रेस की मांग: दोषी नेताओं पर कड़ी कानूनी कार्रवाई और पार्टी से निष्कासन

       रायपुर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और शिवसेना विधायक संजय गायकवाड़ द्वारा दिए गए अमर्यादित बयानों के विरोध में प्रदेश भर में कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में दोनों नेताओं का पुतला दहन कर कड़ा विरोध जताया और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की मांग की।

       प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि राहुल गांधी मोदी सरकार की तानाशाही और गलत नीतियों का लगातार विरोध कर रहे हैं। उनके प्रयासों के कारण मोदी सरकार को बीते 100 दिनों में कई बार अपने फैसलों पर यू-टर्न लेना पड़ा है। इससे भाजपा नेता और शिवसेना के विधायक बौखला गए हैं और राहुल गांधी के खिलाफ लगातार अमर्यादित बयानबाजी कर रहे हैं। भाजपा और उनके सहयोगी दलों के नेताओं की इस हरकत को मोदी सरकार का समर्थन प्राप्त है।

       शुक्ला ने यह भी कहा कि भाजपा के एक नेता ने राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी दी है, जबकि शिवसेना के विधायक ने उनकी जीभ काटने की बात कही है। यह भाजपा की हताशा का परिणाम है, जो राहुल गांधी को देश भर में मिल रहे जनसमर्थन से घबरा रही है। कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज उठाती रहेगी और भाजपा की लोकतंत्र विरोधी साजिशों के खिलाफ डटी रहेगी।

       कांग्रेस ने मांग की है कि भाजपा और शिवसेना अपने इन नेताओं को तत्काल पार्टी से निष्कासित करें और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही करें।

प्रदेश भर में मौन धरना प्रदर्शन

       राहुल गांधी के समर्थन में प्रदेश के विभिन्न जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मौन धरना दिया। रायपुर शहर, रायपुर ग्रामीण, बलौदाबाजार, गरियाबंद, महासमुंद, धमतरी, दुर्ग शहर, भिलाई, बेमेतरा, राजनांदगांव, जगदलपुर, सुकमा, नारायणपुर, बीजापुर, कांकेर, दंतेवाड़ा, बिलासपुर, कोरबा, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, जशपुर, सरगुजा, बलरामपुर, और कोरिया सहित सभी जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया और भाजपा-शिवसेना की नीतियों का विरोध किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker