छत्तीसगढ़

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने निर्माणाधीन पुल के कार्य का किया औचक निरीक्षण




रायपुर :

उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव ने आज अपने लोरमी प्रवास के दौरान ग्राम कारीडोंगरी और दरवाजा के मध्य मनियारी नदी पर निर्माणाधीन पुल के कार्य का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की धीमी गति पर कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को बरसात से पहले हर हाल में पुल का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कार्य पूर्णता के लिए निर्धारित लक्ष्य से बहुत धीमा काम चलने पर नाराज़गी ज़ाहिर करते हुए कार्यस्थल पर श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुल का काम अब तक पूर्ण हो जाना चाहिए था, लेकिन निर्माण कार्य अपेक्षित गति से नहीं चल रहा है, जो गंभीर चिंता का विषय है। श्री साव ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि केवल नोटिस जारी कर औपचारिकता पूरी न करें, बल्कि आवश्यकता पड़ने पर ठेकेदार पर पेनाल्टी भी लगाएं। निर्माण में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी, गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

श्री साव ने विभागीय अधिकारियों को पुल के काम की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने साइट पर मजदूरों की संख्या बढ़ाने और निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा, ताकि बरसात के पहले पुल आवागमन के लिए उपलब्ध हो सके। उन्होने कहा कि यह बहुप्रतीक्षित परियोजना है, इसे समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करना शासन की प्राथमिकता है।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि मनियारी नदी पर पुल नहीं होने के कारण बरसात के मौसम में वनांचल क्षेत्र के अनेक गांवों का संपर्क टूट जाता है। इससे लोगों को आवागमन, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और दैनिक आवश्यकताओं के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस पुल के बन जाने से कारीडोंगरी, दरवाजा सहित आसपास के कई गांवों के ग्रामीणों को वर्षभर सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को गति मिलेगी।







Previous articleजन्मदिन पर सेवा का संदेश: मुख्यमंत्री साय ने जन्मदिन पर रक्तदान शिविर का किया शुभारंभ


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker